गाजियाबाद। विजयनगर थानाक्षेत्र में नौकरी और शादी का झांसा देकर ग्रेटर नोएडा की युवती के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी और भाग गया। पुलिस कमिश्नर के आदेश पर विजयनगर पुलिस ने आरोपी मनोज पूनिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसीपी नगर कोतवाली रितेश त्रिपाठी ने बताया कि ग्रेटर नोएडा की एक सोसायटी में रहने वाली 33 वर्षीय युवती के मुताबिक उसे काफी समय से नौकरी की तलाश थी। इसी दौरान किसी परिचित महिला ने उसे एक व्यक्ति का मोबाइल नंबर देकर बताया कि वह नौकरी लगवाने में सहायता कर सकता है। कॉल करने पर आरोपी ने अपना नाम मनोज पूनिया और अपना कार्यालय मेरठ में बताया। मनोज पूनिया नौकरी के संबंध में उससे लगातार बात करने लगा। 26 सितंबर 2025 को उसने उसे फोन करके सिहानी चुंगी के पास बुलाया और बताया कि नोएडा में उनका इंटरव्यू है।
बाइक पर बैठाकर आरोपी युवती को ले गया। युवती का आरोप है कि रास्ते में मनोज पूनिया ने कहा कि सिद्धार्थ विहार में उसका फ्लैट है। मनोज पूनिया उसे फ्लैट पर ले गया और छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर पीड़िता के साथ आरोपी ने मारपीट की और शादी का झांसा उसके साथ जबरन दुष्कर्म करने लगा।
युवती का आरोप है कि उसने विरोध करते हुए खुद का बचाव किया तो मनोज पूनिया ने मारपीट करते हुए उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। आरोप है कि दुष्कर्म करने के बाद आरोपी ने कहा कि उसके पास काफी जायदाद है। वह उससे शादी कर लेगा और पुलिस में शिकायत की तो जान से मरवा देगा। एसीपी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।