सिंभावली। क्षेत्र के गांव बक्सर निवासी एक व्यक्ति ने अज्ञात व्यक्ति पर उसका मोबाइल फोन हैक कर गूगल पे के माध्यम से खाते से 1.96 लाख रुपये निकालने का आरोप लगाया है। पीडि़त ने थाने में तहरीर देकर मामले की जांच कर रकम वापस दिलाने की मांग की है।
गांव बक्सर निवासी परवीन ने बताया कि उनका खाता पंजाब नेशनल बैंक की भोवापुर मस्तान नगर शाखा में है। उनका आरोप है कि 10 अगस्त को उनके खाते से यूपीआई के माध्यम से 98 हजार रुपये का लेनदेन किया गया। इसके अगले दिन 11 अगस्त को दोपहर को फिर 98 हजार रुपये निकाल लिए गए। परवीन का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका मोबाइल फोन हैक कर गूगल पे के जरिए दोनों बार रकम निकाल ली। खाते से लगातार दो दिन बड़ी रकम निकलने की जानकारी होने पर वह परेशान हो गया और थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पीडि़त ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और खाते से निकाली गई 1.96 लाख रुपये की रकम वापस दिलाने की मांग की है। सीओ राहुल यादव का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले में जांच कराई जा रही है।