हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोदीनगर रोड स्थित मोहल्ला चंद्रलोक कॉलोनी निवासी अनुष्का ने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज में पांच लाख रुपये की मांग पूरी न करने पर मारपीट कर गले में रस्सी का फंदा डालकर उनकी हत्या करने के प्रयास का आरोप लगाया है। ससुराल वालों ने मारपीट कर उन्हें घर से भी निकाल दिया। एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने पति समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
अनुष्का ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 26 फरवरी 2023 को उनकी शादी अजीत सिंह निवासी गांव भंवरा जिला बुलंदशहर के साथ हुई थी। मायके वालों ने उनकी शादी में करीब 15 लाख रुपये खर्च किए थे। शादी में दिए गए दान दहेज से पति अजीत, ससुर राजू, सास राजवती, ननद सपना, रचना, प्रीति व पूनम खुश नहीं थे। आरोप है कि 13 अगस्त 2025 को आरोपियों ने कमरे में बंद कर उन्हें बुरी तरह से पीटा। शोर सुनकर यहां पहुंचे आसपास के लोगों ने उन्हें आरोपियों से बचाया। उनकी सूचना पर उनके माता पिता व मामा मामी उनकी ससुराल पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और घर से भगा दिया। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत एसपी से की। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि एसपी के आदेश पर अजीत, राजू, राजवती, सपना, रचना, प्रीति व पूनम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच में दोषी पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।