हापुड़। सात वर्षीय बच्ची से छे़ड़छाड़ के मामले में सोमवार को अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश / विशेष न्यायाधीश (पाॅक्सो एक्ट) की अदालत ने एक आरोपी को दोषी करार दिया है। न्यायालय ने दोषी को तीन साल की सजा व पांच हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है।
30 सितंबर 2018 को थाना धौलाना क्षेत्र के गांव निवासी व्यक्ति ने थाने में दी तहरीर में बताया था कि उसकी सात वर्षीय पुत्री स्थानीय स्कूल में पढ़ती है। 30 सितंबर की दोपहर उसकी पुत्री घर के बाहर खेल रही थी। इसी बीच पड़ोसी साबिर उसकी पुत्री को दो रुपये देने का लालच देकर अपने घर ले गया। जहां आरोपी ने उसकी पुत्री के साथ छेड़छाड़ की। आरोप था कि पुत्री के गाल पर काटा। पुत्री के चीखने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपी भाग गया। पीड़ित अपनी पुत्री को लेकर थाने पहुंचा और शिकायत की। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया था। सोमवार को दोनों पक्षों को सुनने के बाद अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश / विशेष न्यायाधीश (पाॅक्सो एक्ट) ज्ञानेंद्र सिंह यादव ने निर्णय सुनाते हुए दोषी साबिर को तीन वर्ष के कारावास व पांच हजार रुपये का अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड अदा न करने पर दोषी एक माह के अतिरिक्त कारावास की सजा भुगतनी होगी।
-