हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के गांव ददायरा के जंगल में रेलवे की केबल चोरी कर खेत के पास रख रहे बदमाशों ने किसान को देखकर फायरिंग कर दी। फायरिंग में किसान बाल-बाल बच गया। किसान पर फायरिंग की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। खेत के पास से भारी मात्रा में चोरी किए हुई केबल बरामद हुई है।
गांव ददायरा निवासी परमजीत सिंह भाकियू कार्यकर्ता हैं। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात वह अपने खेतों की सिंचाई देखने गए थे। खेतों पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि कुछ बदमाश रेलवे की ओर से ददायरा फाटक के पास से केबल चोरी कर उनके खेत की तरफ आ रहे थे। इसी बीच बदमाशों ने उन्हें देख लिया था। इस दौरान बदमाश उन पर फायरिंग कर दी। इससे वे बाल-बाल बच गए। बदमाशों को देखकर उन्होंने शोर मचा दिया।
इसके बाद बदमाश केबल का बंडल छोड़कर भाग गए। उन्होंने इसकी सूचना अपने परिजनों को दी थी। बदमाशों के फायरिंग करने की सूचना पर परिजन व काफी ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास बदमाशों की तलाश, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद ग्रामीणों व पुलिस ने आसपास के खेतों की जांच की तो किसान परमजीत के खेत के पास भारी मात्रा में केबलों के बंडल पड़े मिले थे। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया था। पुलिस बदमाशों की लगातार तलाश कर रही है।