विधानसभा चुनाव में मतदान के लिए प्रयुक्त की गई ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए मंगलवार को विभिन्न दलों के पदाधिकारियों ने नगर पालिका पार्क में शोक सभा की।
इस दौरान मशीनों की जांच कराने व दोबारों से बैलेट पेपर के माध्यम से चुनाव कराने की भी मांग की। राहत नहीं मिलने पर भविष्य में मतदान न करने व आंदोलन की चेतावनी दी है।
भारतीय दलित साहित्य अकादमी के जिलाध्यक्ष डॉ. नरेश सागर ने कहा कि इस विधानसभा चुनाव में लोकतंत्र की हत्या की गई है। मतदाताओं से उनका अधिकार छीना गया है। नगर में ऐसे अनेक मोहल्ले हैं जहां बीजेपी की एक भी वोट नहीं थी।
लेकिन ईवीएम ने इन मोहल्लों में भी बीजेपी की अनेक वोट दिखाई हैं। बहुजन मुक्ति पार्टी से हापुड़ विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी रहे धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि काफी समय पहले से ही वह चुनाव से ईवीएम को हटाने की मांग करते रहे हैं।
केंद्र में बैठी भाजपा सरकार ने उनकी मांग को दरकिनार कर ईवीएम का लाभ उठाकर यूपी में अपनी सरकार बनाई है। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान योगेंद्र जाटव, राहुल कश्यप, रिंकू जाटव, दिलीप कुमार, अमित प्रकाश, हिमांशु, नगेंद्र, लोकेश सागर मौजूद रहे।