हाफिजपुर। पब्जी खिलाने के बहाने एक बच्चे को खंडहर में ले जाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने रविवार को बच्चे के बड़े भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव निवासी युवक ने रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि शनिवार को उनका छोटा भाई घर के बाहर खेल रहा था। आरोप है कि इस दौरान अब्दुल करीम नाम का युवक वहां पहुंचा और उसके भाई को पब्जी खिलाने का झांसा दिया। इसके बाद आरोपी भाई को गांव स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास बने खंडहर में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गया।
काफी देर तक भाई के घर न लौटने पर उन्होंने परिजनों के साथ तलाश शुरू की। उनका भाई रेलवे क्रॉसिंग पर रोता हुआ मिला। पूछताछ में उसने घटना के बारे में उन्हें बताया। इसके बाद वह भाई को लेकर थाने पहुंचे और शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बालक का मेडिकल परीक्षण कराया। सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि बड़े भाई की तहरीर पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए रविवार को आरोपी अब्दुल करीम को उसके मकान से गिरफ्तार कर लिया गया।