हापुड़। थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव हिम्मतपुर निवासी विवाहिता तनु ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी न करने पर उनके साथ मारपीट करने व गला घोंटकर उनकी हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है। डीएम के आदेश पर महिला थाना पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
तनु ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि दस जुलाई 2019 को उनकी शादी गांव बुकलाना निवासी सतीश के साथ हुई थी। वर्तमान में उनका चार वर्षीय पुत्र लक्ष्य भी है। आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही पति, सास राजेश, ससुर हेम सिंह व जेठ विनोद दहेज की मांग कर उनके साथ मारपीट करने लगे। उनका पति शराब पीता है और जुआ भी खेलता है।
घर में कोई खर्चा भी नहीं देता है। नौ सितंबर की सुबह करीब नौ बजे पति व सास ने मारपीट करते हुए गला घोंटकर उनकी हत्या का प्रयास किया। किसी तरह वह अपनी जान बचाकर थाना सिंभावली पहुंची और पुलिस से मामले की शिकायत की। इसके बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने उच्चाधिकारियों से भी मामले की शिकायत की थी।
सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि डीएम के आदेश पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच में दोषी पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।