ब्रजघाट। हाईवे 9 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से कार क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान घटना में कार सवार दो लोग मामूली रूप घायल हो गए। लेकिन, हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
नोएडा के सेक्टर चार निवासी कौशल सिंह अपने साथी संतोष के साथ मंगलवार की दोपहर कार में सवार होकर मुरादाबाद के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह गढ़ के गांव अल्लाबख्शपुर पहुंचे तो दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर बने कट पर अज्ञात वाहन से उनकी कार की टक्कर हो गई। तेज रफ्तार वाहन के टकराने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन यह गनीमत रही कि उसमें सवार कौशल और संतोष मामूली रूप से ही घायल हुए।
हाईवे के बीचो-बीच क्षतिग्रस्त कार होने के कारण दिल्ली से मुरादाबाद की ओर जाने वाली साइड में चालकों को अपने वाहन रोकने पड़े। करीब आधा घंटे तक हाईवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भेजा। जिसके बाद क्रेन की मदद से कार को हटवा कर यातायात सुचारू करा दिया गया। कोतवाली पुलिस का कहना है कि कार सवार मामूली रूप से घायल हैं। दूसरे वाहन चालक की तलाश कराई जा रही है।