पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत सोमवार सुबह दिल्ली-मुरादाबाद हाईवे 9 पर सरस्वती मेडिकल कॉलेज के पास घने कोहरे के कारण दस वाहनों की आपस में भिड़ंत हो गई। कोहरे में कम दृश्यता के कारण आगे चल रहे वाहन के अचानक ब्रेक लगाने पर पीछे से आ रहे वाहन आपस में भिड़ते चले गए। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाया। इस दौरान हाईवे पर जाम की स्थिति रही।
रविवार देर रात से ही जिले में कोहरे ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया था। सोमवार सुबह हाईवे पर कोहरा इतना घना था कि वाहन चालकों को आगे का रास्ता दिखाई नहीं दे रहा था। इसी दौरान सरस्वती मेडिकल कॉलेज के पास अचानक ब्रेक लगने से पीछे चल रहे वाहन समय पर नहीं रुक सके और 10 वाहन आपस में टकरा गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
पुलिस के अनुसार घायलों में हापुड़ नगर के गांधी विहार निवासी विनय, नरेश तथा मुस्कान शामिल हैं जो कार से नोएडा जा रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। दुर्घटना के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि घने कोहरे के कारण दुर्घटना हुई है। तीन लोग घायल हुए हैं, सभी की स्थिति सामान्य है और इस दौरान कुछ देर के लिए हाईवे बाधित रहा।