पिलखुवा। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने एक युवक पर उनकी भतीजी को घर से बहला फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। चाचा की तहरीर पर पुलिस ने युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनके भाई व भाभी की मौत हो चुकी है। उनकी 27 वर्षीय भतीजी घर पर अकेली रहती है। उनके भाई के नाम 12 बोर की बंदूक का लाइसेंस है और बंदूक घर पर ही रखी रहती है। रविवार को उनकी भतीजी को कोई युवक घर से बहला-फुसलाकर ले गया। उन्होंने घर की जांच की तो बंदूक तो घर पर रखी मिली, लेकिन कागजात नहीं मिले। अनहोनी की आशंका जता वह बंदूक को लेकर कोतवाली पहुंचे और पुलिस से मामले की शिकायत की। उन्होंने पुलिस से बंदूक को कोतवाली में जमा करने की गुहार भी लगाई है। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि तहरीर पर अज्ञात युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द युवती को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा। संवाद