गढ़मुक्तेश्वर। मंगलवार की रात कोतवाली क्षेत्र के गांव नानपुर में शार्ट सर्किट से मकान में आग लग गई। आग की चपेट में आकर नकदी और अन्य सामान जल कर नष्ट हो गया। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार के साथ मिलकर करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
गांव निवासी राजपाल सिंह की पुत्रवधू रीना परिजनों के साथ गांव में मंदिर के निकट बने मकान में रहती हैं। मंगलवार की रात भी वह और अन्य परिजन घर के अंदर मौजूद थे। रीना ने बताया कि देर रात अचानक बिजली के तारों में शार्ट सर्किट होने से उनमें आग लग गई। जो थोड़ी ही देर में कपड़ों के माध्यम से होते हुए कमरे तक पहुंच गई।
अचानक आंख खुलने पर आग लगी देखकर उनके होश उड़ गए। वह और परिजन शोर मचाते हुए घर के बाहर भागे। शोर सुनकर आस पड़ोस में भी जाग गए। ग्रामीणों ने दमकल विभाग को सूचना देते हुए सबमर्सिबल के माध्यम से आग पर काबू पाने की कोशिश की। करीब एक घंटे तक प्रयास करने के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस बीच कपड़े, खाने का सामान, नकदी व अन्य कीमती सामान जल गए। ग्रामीणों का कहना है कि सूचना देने के एक घंटे बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दिलाने की मांग की है। एसडीएम श्रीराम सिंह का कहना है कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। लेकिन, राजस्व टीम को भेजकर जांच कराई जाएगी।