गढ़मुक्तेश्वर के मोहल्ला आदर्श नगर निवासी 40 वर्षीय राजकुमार की हत्या कर शव कब्रिस्तान के पास फेंकने का मामला सामने आया है। बुधवार सुबह उनका शव कब्रिस्तान में लोहे के तारों में उलझा हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
सुबह के समय जब स्थानीय लोग कब्रिस्तान की ओर गए, तो उन्होंने शव को तारों में फंसा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार बिष्ट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू किए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है, जिससे मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग इस वारदात को लेकर चिंतित हैं। सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि मामले में गंभीरता से जांच कराई जा रही है।