संवाद न्यूज एजेंसी
पिलखुवा। नगर के खेड़ा गेट के एक युवक के साथ शादी कराने के झांसे में ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित खेड़ा गेट निवासी इंदु मोहन के अनुसार एक अज्ञात व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर महिला का फर्जी प्रोफाइल बनाकर उससे शादी का प्रस्ताव रखा और विश्वास दिलाया।
पीडि़त के अनुसार ठग ने शादी की तैयारियों का बहाना बनाकर युवक से अलग-अलग तिथियों पर कुल 28,000 रुपये ऑनलाइन ऐंठ लिए। रुपये मिलने के बाद ठग ने संपर्क तोड़ दिया और जब युवक ने रुपये वापस मांगे तो उसे अपनी फोटो वायरल करने व सोशल मीडिया पर बदनाम करने की धमकी दी। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि पीडि़त की तहरीर पर मामले की जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल को ठग की लोकेशन और ट्रांजैक्शन का ब्यौरा जुटाने के निर्देश दिए गए हैं।