वायरल वीडियो 23 दिसंबर की दोपहर का बताया जा रहा है। हालांकि विवाद में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव निवासी एक महिला ने बताया कि मंगलवार की दोपहर वह अपने घर में मौजूद थी। इसी बीच एक राशन की गाड़ी उनके घर के पास पहुंची।
गाड़ी से उनका बिजली का तार टूट गया था। विरोध करने पर पड़ोस में रहने वाले कुछ पुरुष व महिलाएं उनके घर के बाहर लाठी डंडे लेकर एकत्र हो गए और उनके ससुर व देवर के साथ गाली-गलौज कर मारपीट की।
आरोप है कि आरोपियों में शामिल पूर्व प्रधान पति ने अपने हाथ में अवैध पिस्टल लेकर उन्हें व उनके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी और घर पर पथराव किया। उधर, पूर्व प्रधानपति ने बताया कि महिला व उसके पक्ष ने उनके परिवार के साथ मारपीट व पथराव किया था। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।