हापुड़। नगर कोतवाली पुलिस ने डाॅ. भीमराव आंबेडकर जयंती में मंगलवार को स्टंट करने वाले बाइक, कार व ऑटो चालक को हिरासत में लेकर तीनों वाहनों को सीज किया है। तेज आवाज में बज रहे तीन डीजे का भी पुलिस ने 12-12 हजार व एक ऑटो का 1500 रुपये का चालान काटा। पुलिस ने हिदायत देकर सभी चालकों को छोड़ भी दिया है। अब पुलिस जयंती में ट्रैक्टर से स्टंट करने वाले चालक की तलाश कर रही है।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को डाॅ. भीमराव आंबेडकर जयंती पर कुछ युवकों द्वारा बाइक, कार, ऑटो व ट्रैक्टर से खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था। वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर बुधवार को स्थानीय पुलिस ने एक बाइक, कार व ऑटो पर सीज की कार्रवाई की। इसके अलावा जयंती में तेज आवाज से बज रहे तीन डीजों का पुलिस द्वारा 12-12 हजार व एक ऑटो का 1500 रुपये का चालान काटा गया है। ऑटो से स्टंट करने वाले एक चालक ने कान पकड़कर पुलिस माफी भी मांगी और भविष्य में कड़ी चेतावनी देकर पुलिस ने उसे छोड़ दिया। पुलिस ने सभी वाहनों के चालकों को भविष्य में कड़ी हिदायत देकर उन्हें कोतवाली से छोड़ दिया था। पुलिस टीम जयंती में ट्रैक्टर से स्टंट करने वाले युवक की तलाश कर रही है।