गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ के गांव अठसैनी में हाईवे किनारे स्थित सेंट्रल बैंक के एटीएम से कैश नहंी लूट पाने से भन्नाए लुटेरों ने एटीएम को बुरी तरीके से क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के समय गार्ड मौजूद नहीं था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव अठसैनी में सोमवार देर रात सेंट्रल बैंक के एटीएम पर गार्ड को नदारद देख लुटेरों ने लूटपाट की कोशिश की लेकिन कैश नहीं निकल पाए। इससे गुस्साए लुटेरों ने हथोड़े और रॉड से वार कर एटीएम को तोड़फोड़ डाला। तभी ऊपरी मंजिल में जाग हो गई। इसका आभास होते ही लुटेरे भाग निकले। सुबह एटीएम में तोड़फोड़ देख मकान मालिक हाजी फुरकत ने गढ़ कोतवाली को सूचना दी। इंस्पेक्टर पीपी सिंह का कहना है कि जांच कराई जा रही है। जल्द लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
शाखा प्रबंधक नीति सोम ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूटपाट की कोशिश और एटीएम मशीन में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाकर गढ़ कोतवाली में तहरीर दी है।
बिना बताए गायब था गार्ड
गांव अठसैनी के एटीएम की सुरक्षा का जिम्मा का निजी सिक्योरिटी कंपनी सीएसएस के हाथों में है। एटीएम पर गार्ड सतेंद्र सिंह की ड्यूटी है। बताया जा रहा है कि वारदात के दिन गार्ड बिना बताए ही छुट्टी पर चला गया था। गार्ड से बात करने पर उसने पत्नी के बीमार की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया। एसएसआई हरपाल सिंह का कहना है कि बिना बताए गार्ड के छुट्टी पर जाने की बात सामने आ रही है।
लगातार हो रहीं बैंकों में घटनाएं
तीन माह के भीतर गढ़ के गांव दौताई स्थित सिंडिकेट और सिंभावली के एसबीआई तथा सिखैड़ा की पीएनबी बैंक शाखाओं में चार बार सेंधमारी की कोशिश की जा चुकी हैं। फिर भी बैंक शाखाओं में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद नहीं हो पा रही है।
एटीएम में तीन दिनों से तकनीकी गड़बड़ी चल रही थी, जिसको दुरस्त कराने को सीआरए कंपनी में डिमांड भेजी गई थी। इसके बाद भी एटीएम में कैश मौजूद था।
-नीति सोम,शाखा प्रबंधक