हापुड़। एसपी आवास के पीछे स्थित सर्वोदय कालोनी में घर के बाहर स्वेटर बुन रही मतस्य विभाग के इंस्पेक्टर की पत्नी के कान से बाइक सवार युवक कुंडल झपटकर कर भाग गए। महिला का कान लहूलुहान हो गया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप है। मोहल्ला सर्वोदय कालोनी निवासी सुशील त्यागी मतस्य पालन विभाग में इंस्पेक्टर हैं। उनकी पत्नी मिथलेश त्यागी बृहस्पतिवार को घर के बाहर स्वेटर बुन रही थीं। तभी काले रंग की बाइक पर एक युवक हेलमेट लगाकर पहुंचा और महिला से पता पूछने लगा। इसी दौरान बाइक सवार ने मौका पाकर मिथलेश के कान से कुंडल झपट लिया और भाग गया।