हापुड़। उच्च न्यायालय के स्टे के बावजूद भी उद्यमियों से दो माह के बिल के बराबर बिजली निगम द्वारा सिक्योरिटी मांगे जाने पर उद्यमियों ने अधिशासी अभियंता का घेराव किया। उद्यमियों ने चेतावनी दी कि उत्पीड़न बंद न किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। अधिशासी अभियंता ने आश्वासन दिया कि अदालत के आदेश की अवहेलना नहीं होने दी जाएगी। अदालत के अगले आदेश तक सिक्योरिटी नहीं ली जाएगी।
सिक्योरिटी मांगने के मामले को लेकर आईआईए, हापुड़ स्माल स्केल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, धीरखेड़ा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्य अतरपुरा चौपला स्थित अधिशासी अभियंता के कार्यालय पहुंचे और अधिशासी अभियंता अनूप वर्मा का घेराव कर हंगामा किया। आईआईए के चैप्टर अध्यक्ष अमन गुप्ता ने कहा कि उद्यमियों का उत्पीड़न किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अदालत ने सिक्योरिटी पर स्टे दे रखा है तो उद्यमियों का उत्पीड़न करने के लिए बिल में सिक्योरिटी राशि क्यों जोड़ी जा रही है। हापुड़ स्माल स्केल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सिंहल ने कहा कि उद्यमियों का उत्पीड़न करना निगम के अफसर बंद करें। अदालत के आदेश को भी अफसर मानने को तैयार नहीं हैं। यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिशासी अभियंता अनूप वर्मा ने कहा कि अदालत के आदेश का हर हाल में पालन किया जाएगा। किसी भी उद्यमी को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। इस अवसर पर आईआईए के सचिव राजेंद्र गुप्ता, अशोक छारिया, प्रदीप गुप्ता, सुनील जैन, पुरुषोत्तम अग्रवाल, शरद गुप्ता, गोपी त्यागी, मनीष, रूबल मित्तल, राकेश माहेश्वरी, अमित मित्तल, ललित, उमेश त्यागी, ब्रहमानंद शर्मा, जेके कंसल आदि मौजूद थे।