पिलखुवा (ब्यूरो)। मुकीमपुर बिजलीघर के दोनों ट्रांसफार्मर फुंक गए हैं। ऐसे में दो दिन से चार गांवों में अंधेरा छाया हुआ है। ग्रामीणों को पशुओं का चारा काटने में परेशानी हो रही है। दो दिनों से अंधेरे में डूबे गांवों के लोगों में आक्रोश है।
दो दिन पहले मुकीमपुर बिजलीघर में लगे दोनों ट्रांसफार्मर फुंक गए थे। बिजलीघर के कर्मचारियों ने अधिशासी अभियंता को सूचित किया। ट्रांसफार्मर के खराब होने से गांव मुकीमपुर, अमीपुर नगौला, जोया, कनकपुर अंधेरे में डूब गए। स्थिति यह है कि बिजली नहीं होने के कारण ग्रामीणों को पशुओं का चारा काटने के लिए परेशानी हो रही है। ग्रामीण रामभूल, छुट्टन सिंह, शिवकुमार शर्मा और विक्रम तोमर ने बताया कि अधिकारियों को जल्द व्यवस्था ठीक करनी चाहिए ताकि उन्हें परेशानी न हो। अधिशासी अभियंता पवन अग्रवाल ने बताया कि पुराने ट्रांसफार्मर को बदलने के लिए कार्य जारी है। दो दिन के अंदर नए ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा।