हापुड़। नगर पालिका सभागार में शनिवार को लकी ड्रा के माध्यम से आलू बीज के आवेदक किसानों का चयन किया गया। लकी ड्रा में 459 किसानों में सिर्फ 52 किसानों का ही चयन हो सका। इस दौरान अनेक किसानों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
आलू बीज की किल्लत से निपटने के लिए उद्यान अफसरों ने किसानों का चयन लकी ड्रा के माध्यम से कराने का निर्णय लिया था। शनिवार को नगर पालिका सभागार में एसडीएम एसपी सिंह की अध्यक्षता में लकी ड्रा की पर्ची किसानों द्वारा ही निकाली गई।
आलू बीज की किल्लत के चलते कुफरी बाहर, चिप्सोना प्रजाति के बीज के लिए 10-10 किसानों का चयन किया गया। ख्याती प्रजाति के बीज के लिए 7, पुखराज के लिए 5, सूर्या के लिए 7, सदाबहार प्रजाति के लिए 10 किसानों का चयन हो सका। उद्यान विभाग में आलू के बीज के लिए करीब 459 किसानों ने आवेदन किया था लेकिन बीज किल्लत के चलते 407 किसानों को आलू का बीज नहीं मिल सका है।
जिला उद्यान अधिकारी एनके सहानिया ने बताया कि किसानों के सामने लकी ड्रा निकाले गए। चयनित किसान की सूची तैयार कर ली गई है। जल्द ही किसानों को आलू का बीज उपलब्ध करा दिया जाएगा।