हापुड़। गांव झंडा मुशर्फपुर में रहस्यमय बीमारी से पांच दुधारू पशुओं की मौत हो गई। आधा दर्जन से ज्यादा पशु बीमारी की चपेट में हैं। अचानक पशुओं की मौत से ग्रामीणों में दहशत है। जबकि पशु चिकित्सकों की नींद नहंी खुल रही है। गांव निवासी प्रधान सत्यवीर सिंह, सुधीर, जितेंद्र, प्रमोद, विकाश, इंद्रजीत सिंह, ज्ञानेंद्र नागर, रविंद्र, महेंद्र सिंह, भंवर सिंह ने बताया कि बीते दस दिन में अनेक पशु पेट अफारा व अन्य बीमारियों की चपेट में आकर मरते जा रहे हैं। दिन में पशु ठीक ठाक रहते हैं लेकिन रात में हालत बिगड़ती चली जाती है। इस संबंध में पशु चिकित्सकों को अवगत कराया गया लेकिन कोई चिकित्सा कर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। उन्होंने बताया कि गांव निवासी ब्रह्मपाल के 4 दुधारू पशुओं में तीन की मौत हो गई। एक पशु बीमारी की चपेट में है। इसके अतिरिक्त मीर सिंह व भरत सिंह की भी एक-एक भैंस इस बीमारी से मर चुकी है।