हापुड़। शहर की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लौटाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने चौक-चौराहों ट्रैफिक सिग्नल लगाने का काम शुरू कर दिया है। इस पर करीब सात लाख रुपये की लागत आई है। सभी प्रमुख चौराहों और तिराहों पर सिग्नल लगा दिए गए हैं। जल्द ही टाइमिंग को सेट कर इसे चालू कर दिया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस के इस कदम से शहर की यातायात व्यवस्था में काफी सुधार होने की उम्मीद है। इसके अलावा शहर में जेब्रा क्रॉसिंग और स्टाप लाइन भी बनाने की योजना है।
बता दें कि यातायात पुलिस ने मेरठ तिराहा, तहसील चौपला, अतरपुरा चौपला, पक्का बाग चौपला पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने का काम पूरा कर लिया है। लाइटों में टाइमिंग सेट करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए आंकलन किया जा रहा है कि किस मार्ग पर कितना वाहनों का दबाव होगा। ताकि लाइटों का इस्तेमाल उसी हिसाब से किया जाए ताकि जाम न लगे। करीब 12 साल पहले भी शहर के तहसील चौपला और मेरठ तिराहा पर टास्क फोर्स योजना के तहत लाइटें लगी थी लेकिन टाइमिंग सही न होने के कारण यह सफल नहीं हो सकी थी। अब देखना है कि इस बार यह योजना क्या गुल खिलाती है।
जल्द ही लाइटों को चालू कराया जाएगा। टाइमिंग को लेकर विशेष ध्यान रखा जा रहा है। स्टाप लाइन और जेब्रा क्रॉसिंग भी जल्द बनवाई जाएंगी।
-विशाल यादव, सीओ यातायात