हापुड़। अघोषित बिजली कटौती से एक बार फिर लोगों में हाहाकार मच गया है। दिन के बाद अब रात में भी कटौती से लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। सोमवार रात दो बजे कटौती से लोगों ने रात जाग कर बिताई।
करीब आठ घंटे बाद मंगलवार सुबह दस बजे बिजली आई। ऐसे में लोगों का सब्र जवाब देने लगा है। सोमवार रात दो बजे शहर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। आधी रात बिजली जाने पर आक्रोश बढ़ गया। उपभोक्ताओं ने स्थानीय बिजलीघर पर बिजली जाने का कारण पूछा तो लखनऊ कंट्रोल से कटौती होने की जानकारी दी गई। ऐसे में उपभोक्ताओं को मायूस होना पड़ा। रात के समय गई बिजली से छोटे बच्चे भी परेशान हो गए। भीषण गर्मी में पूरी रात अंधेरे में रहे लोगों में गुस्सा है। रात के समय गई बिजली आपूर्ति मंगलवार सुबह दस बजे आई। उपभोक्ताओं का कहना है कि पिछले तीन दिनों से रात के समय बिजली कटौती हो रही है। आधी रात को कटौती से शहर के लोग परेशान हैं। उनका कहना है कि दोपहर में कटौती के बाद भी विभाग रात में लोगों की नींद हराम कर रहा है।
आर्य नगर के लोग बिफरे, प्रदर्शन
पिलखुवा। बिजली की आंख मिचौली से परेशान आर्यनगर कालोनी के लोगों ने मंगलवार को प्रदर्शन कर आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत करने के बाद भी पावर कारपोरेशन के अधिकारी सुनने को तैयार नहीं हैं। पिछले एक माह से नगर में बड़े पैमाने पर कटौती की जा रही है। इसके चलते लोगों को जीना मुहाल हो गया है। इसके खिलाफ आर्यनगर कालोनी के लोगों ने मंगलवार को प्रदर्शन कर पावर कारपोरेशन के अधिकारियों के विरुद्ध नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जन्माष्टमी के मौके पर भी इलाके में रातभर बत्ती गुल रही है। जिस कारण श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बिजली कटौती के साथ कालोनी में बिजली के तार भी जर्जर हालत में है। आए दिन फाल्ट होने से बत्ती गुल रहती है। प्रदर्शनकारियों ने बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। उधर, पावर कारपोरेशन के अधिशासी अभियंता पवन अग्रवाल का कहना है कि कटौती लखनऊ कंट्रोल से हो रही है। जल्दी की व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद है। प्रदर्शनकारियों में सुनील टॉक, अरविंद, विनोद, मनीष, नितिन, गोपाल, मनीष, हरपाल, गोपाल, लीलू, संदीप, महेंद्र, राकेश आदि मौजूद रहे।