गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली के माधापुर में गांव के एक युवक एक विधवा की आबरू लूटने की कोशिश की। युवक महिला को खींच ले गया और दुराचार की कोशिश करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने महिला की जमकर पिटाई की। जख्मी महिला चीखने लगी तो आसपास के लोग पहुंच गए। महिलाओं के साथ थाने पहुंची विधवा ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है।
माधापुर में रहने वाली एक विधवा शनिवार की दोपहर करीब एक बजे गांव के बाहरी छोर पर स्थित दुकान से घरेलू सामान खरीदने जा रही थी। रास्ते में गांव का ही एक युवक उसे मिला। युवक ने महिला का मुंह भींचकर उसे खींच लिया और खाली जमीन में रखे बिटोरो के पीछे ले जाकर दुष्कर्म की कोशिश करने लगा। विरोध करने लगी तो आरोपी ने उसकी पिटाई की। महिला शोर मचाती रही तो आरोपी ने गुस्से से उसे डंडे से पीटकर घायल कर दिया और धमकी देता हुआ निकल भागा। महिला की चीख सुनकर आसपास में रहने वाली कई महिलाएं और पुरुष दौड़ पड़े। आरोपी वहां से भाग चुका था। महिला को साथ लेकर लोग थाने पहुंचे और तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि घायल महिला को चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल में भेजा दिया गया है। तहरीर के आधार पर दुष्कर्म की कोशिश के मामले की जांच कराई जा रही है। सच्चाई सामने आने पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।