गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ के गांव दौताई की मस्जिद में तरावीह की नमाज में कुरान पाक पूरा होने की खुशी में बांटी जा रही मिठाई को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। जिसमें दोनों पक्षों के 4 लोग घायल हो गए। इस दौरान हवाई फायरिंग होने से भगदड़ गई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गांव दौताई की आमना मस्जिद में शनिवार की रात को तरावीह की नमाज में कुरान पाक पूरा हुआ। जिसकी खुशी में मिठाई बांटी जा रही थी। इसी दौरान जुल्फिकार और फुरकान खां के बीच कहासुनी हो गई और गाली गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई। इस बात की खबर दोनों के परिजनों को मिली तो वे भी मौके पर आ गए और आपस में भिड़ गए। जिसमें दोनों पक्षों के बीच लाठी, डंडे चले। इसी दौरान हवाई फायरिंग होने से लोगों में भगदड़ मच गई। करीब आधा घंटा तक हुए हंगामे और मारपीट म ें फुरकान, उसका भतीजा मोहसिन और दूसरे पक्ष से जुल्फिकार और उसका बेटा नौशाद घायल हो गया। दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला करने का आरोप लगा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई हैं। पुलिस ने घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती करा दिया है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।