पिलखुवा। नगर पालिका के जलकल विभाग की लापरवाही के चलते नगर के चारों मोहल्ले के हजारों लोगों को चौथे दिन भी पानी नहीं मिला। सरकारी हैंडपंप से पानी निकालकर लोगों को काम चलाना पड़ रहा है।
विज्ञापन
शिवाजीनगर ओवरहेड टैंक का बीते चार दिन से पम्पसेट खराब है। इसके चलते नगर के मोहल्ला छिपीवाड़ा, शिवाजीनगर, रामपुरा, मण्डी की पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी है। चार दिन से हजारों लोगों को पानी नहीं मिला है। बृहस्पतिवार को लोगों की शिकायतों पर पालिका चेयरमैन ओमप्रकाश कोरी ओवरहेड टैंक पर पहुंचे और जलकल के जेई और कर्मचारियों को हड़काते हुए लोगों को शुक्रवार की सुबह पेयजल सप्लाई सुचारु कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन शुक्रवार शाम तक पेयजल सप्लाई सुचारु नहीं हो सकी। शिवाजीनगर निवासी वीरेश तोमर, रमपुरा के गुलशन वर्मा, आलम सिंह आदि ने शनिवार की दोपहर तक पेयजल न मिलने पर पालिका पर धरना देने की चेतावनी दी है। चेयरमैन का कहना है कि कर्मचारी पम्प सही करने में जुटे हैं। उम्मीद है कि शुक्रवार की देररात तक पम्प ठीक हो जायेगा।