हापुड़/गढ़/पिलखुवा। यह सवेरा नई उम्मीद लेकर आया है। उम्मीद विकास की, बेहतर कल की, बिजली, पानी, सड़क और लहलहाती फसलों की। जिला बनने के बावजूद हापुड़ को अब भी विकास के कई आयाम तय करने हैं। कई योजनाएं अधर में हैं। कई विभागों के भवन बनने हैं। 2012 बहुत कुछ दे गया। अब 2013 से बहुत उम्मीदें हैं। जनपद को, हापुड़ वासियों को और यहां की धरती को। यह सभी उम्मीदें इसी वर्ष पूरी हों, इसी उम्मीद के साथ तुम्हारा स्वागत है .... 2013
बदनौली बिजलीघर
वर्ष 2012 में इस क्षेत्र की सबसे बड़ी बिजली परियोजना के तहत 735 मेगावाट की परियोजना पर काम कराने के अनेक बार प्रयास कि ए गए, लेकिन जमीन मुहैया नहीं होने के कारण काम शुरू नहीं हो सका, जबकि इस परियोजना पर करीब 1000 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। उम्मीद है यह परियोजना 2013 में पूरी होगी।
एनएच-235 पर हापुड़ बाईपास
एनएच-235 मेरठ बुलंदशहर रोड पर हापुड़ बाईपास का निर्माण कार्य प्रारंभ होना था। इस परियोजना पर करीब 507 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस बाईपास के बनने से हापुड़ शहर में लगने वाले भीषण जाम से निजात मिलेगा। इस वर्ष इस परियोजना के पूरे होने की उम्मीद है।
परिवहन विभाग का कार्यालय
नवसृजित हापुड़ को बने करीब सवा साल हो चुके हैं, लेकिन परिवहन विभाग का कार्यालय नहीं खुल सका है। ऐसे में लोगों को गाजियाबाद स्थित परिवहन विभाग के कार्यालय में जाना पड़ता है। उम्मीद है कि इस साल जनपद का अपना परिवहन विभाग होगा।
यूपी का हरिद्वार बनेगा गढ़मुक्तेश्वर
गढ़। गंगा किनारे बसे गढ़ में इस वर्ष विकास की बयार बहेगी। मुख्यमंत्री की घोषणा पर काम हुआ तो उत्तर प्रदेश का हरिद्वार बन जाएगी तीर्थ नगरी। बता दें कि सीएम ने 10 नवंबर को मेरठ में घोषणा की थी कि गढ़ को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। इसको लेकर पर्यटन विभाग ने गढ़ पालिका तथा तहसील से भूमि की डिमांड शुरू कर दी है। पर्यटन विभाग ने पत्र जारी कर सिंचाई विभाग, तहसील प्रशासन तथा पालिका से सहयोग मांगा है। इसके अलावा मेरठ के विक्टोरिया पार्क की तर्ज पर ब्रजघाट में पार्क का निर्माण कराने के लिए भी भूमि भी मांगी गई है।
हाईवे पर सफर होगा आसान
स्याना चौपला से ब्रजघाट के बीच सेंचुरी क्षेत्र में खड़े एक हजार वृक्षों के कटान की स्वीकृति न होने से 9 वर्ष से हाईवे चौड़ीकरण का कार्य रुका हुआ है। 2012 में सुप्रीम कोर्ट से पेड़ कटान का मामला उत्तर प्रदेश सरकार के पाले में पहुंच गया, जहां से उम्मीद जगी है कि नववर्ष में इसकी स्वीकृति मिल जाए। 6 माह के अंदर एनएच-24 का चौड़ीकरण कार्य, स्याना चौपला फ्लाईओवर निर्माण पूरा हो जाएगा, जिसके चलते हर दिन लगने वाले जाम से लाखों लोगों को मुक्ति मिल जाएगी।
हर गांव में होगा ब्रॉडबैंड
गढ़ क्षेत्र में बीएसएनएल पंचायतों घरों में फाइबर लाइन बिछाई जाएगी। महाप्रबंधक ने बताया कि पंचायतों को इंटरनेट से जोड़ने की कवायद में गाजियाबाद एवं हापुड़ में सर्वे हो चुका है।
डिज्नीलैंड बना तो विश्व पटल पर चमकेगा गढ़
एचपीडीए एवं पर्यटन विभाग का प्रयास सफल रहा तो गढ़ में 300 करोड़ की लागत से बनने वाले झील पर बर्ड सेंचुरी एवं डिज्नीलैंड का कार्य शुरू हो जाएगा।
फ्लाई ओवर भी मिलेगा
रेलवे ने बदरखा से गढ़ आने वाले मार्ग पर पड़ने वाले रेलवे फाटक पर फ्लाई ओवर के निर्माण के लिए स्वीकृति दी हुई है। रेलवे सूत्रों की माने तो वर्ष 2013 में रेलवे फलाई ओवर का निर्माण करा सकती है।
बनेंगी आवासीय कालोनियां
तीर्थ नगरी के विकास का जिम्मा थामने वाले प्राधिकरण ने पुरानी दिल्ली रोड पर 80 एकड़ भूमि अधिग्रहित की है जिसको लेकर किसानों का विरोध चल रहा है। प्राधिकरण का दावा है कि किसानों से समझौता होने के बाद 2013 में आवासीय कालोनी विकसित होगी। वहीं, ब्रजघाट के निकट 500 हेक्टेयर भूमि को अधिग्रहित करने का प्रयास सफल हुआ तो तीर्थ नगरी के निकट ही एक कालोनी बसेगी।
गंगा होगी प्रदूषण मुक्त
गढ़ एवं ब्रजघाट में 46 करोड़ की लागत से दो सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य प्रारंभ हो गया है। इस वर्ष कार्य पूरा हो गया तो सीवर ट्रीटमेंट प्लांट शुरू हो जाएंगे। इससे यहां का गंदा पानी शुद्ध होकर गंगा में डाला जाएगा।
पिलखुवा को मिलेगी पेयजल किल्लत से निजात
पिलखुवा। वर्ष 2013 में हैंडलूम नगरी में 21.67 करोड़ की पेयजल योजना का काम पूरा हो जाएगा, जिससे पानी की किल्लत से नगर को निजात मिल जाएगी। भारत सरकार की सेटेलाइट सिटी योजना के लिए चयनित प्रदेश की एकमात्र नगरपालिका पिलखुवा में 8 नलकूप, 3 ओवरहेड टैंक का निर्माण हो चुका है। साथ ही 40 किलोमीटर लंबी पेयजल पाइप लाइन बदली जा रही है। पेयजल योजना का कार्य 31 दिसंबर 2012 तक पूरा होना था] लेकिन विभिन्न अड़चनों के चलते कार्य अभी अधूरा है। जल निगम के एई विरेंद्र ने बताया कि फरवरी माह के अंत तक योजना का काम पूरा हो जाएगा तो नगर में पानी की कोई किल्लत नहीं रहेगी। पालिका चेयरमैन ओमप्रकाश कोरी का कहना है कि आगामी गर्मी के सीजन में घरों में पानी न पहुंचने, पाइप लाइन फूटने जैसी समस्या बाकी नहीं रहेगी। नगर की एक लाख से अधिक आबादी को बेहतर पानी मिलेगा।
शैलेज फार्म के पार्क होंगे डेवलप
वर्ष 2012 में भले ही लोगों ने पार्कों के अभाव में हाईवे की सर्विस रोड पर मार्निंग वॉक किया हो, लेकिन 2013 में नगरवासियों के लिए शैलेज फार्म कालोनी में 5 पार्क डेवलप किए जाएंगे। पार्क डेवलप करानेे के लिए पालिका प्रस्ताव बना चुकी है। मार्च से पहले पार्क डेवलप कर दिए जाएंगे।
नालियों में नहीं दिखेगा गंदा पानी
नाली में पानी और गंदगी अटने के चलते वर्ष 2012 में हर दिन पालिका के खिलाफ हर दिन हंगामा हुआ, लेकिन 2013 से उम्मीद है कि पालिका के खिलाफ कम से कम गंदगी और जलभराव को लेकर हंगामा नहीं होगा, क्योंकि 38 करोड़ रुपये की लागत से चल रहा सीवरेज लाइन का कार्य अप्रैल तक पूरा कर लिया जाएगा। इसी वर्ष सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट योजना का भी काम पूरा हो जाएगा।
शुरू होगा टैक्सटाइल सिटी सेंटर
हैंडलूम नगरी में रिहायसी इलाकों में ही छपाई कारखाने चलते हैं। नतीजन प्रदूषण की समस्या रहती है। नववर्ष में टैक्सटाइल सिटी सेंटर योजना का काम पूरा होगा तो कारोबार को बढ़ावा मिलेगा। पावर कारपोरेशन ने टैक्सटाइल सिटी सेंटर में बिजलीघर का निर्माण शुरू कर दिया है। दो फैक्ट्रियों का भी काम तेजी पर है। उम्मीद है कि 2013 में योजना पूरी हो जायेगी और रिहायसी इलाके के कारखाने नगर से बाहर शिफ्ट हो जाएंगे।
एक्सपोर्ट हाउस मिलने की उम्मीद
वर्ष 2012 में पिलखुवा में एक्सपोर्ट हाउस बनाने की मांग जोरों से उठी, लेकिन एक्सपोर्ट हाउस नहीं मिल सका। इस वर्ष में एक्सपोर्ट हाउस मिलने की उम्मीद है। क्षेत्रीय विधायक धर्मेश तोमर ने जिलाधिकारी चक्रपाणि यादव से शासन को पत्र भिजवाया है। उम्मीद है नव वर्ष में कपड़ा कारोबारियों को एक्सपोर्ट हाउस का तोहफा मिलेगा।
न्यू पीएचसी को मिलेगा सीएचसी का दर्जा
पिलखुवा की एक लाख से अधिक आबादी होने के बावजूद आज तक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निर्माण नहीं हो सका है, लेकिन नये साल में सीएचसी निर्माण की पूरी उम्मीद है। वर्ष 2012 में साल भर रेलवे रोड स्थित न्यू पीएचसी को सीएचसी का दर्जा देने की मांग उठती रही। अस्पताल प्रभारी डा. ब्रह्मदयाल का कहना है कि नव वर्ष 2013 में सीएचसी बन जायेगी। बजट आते ही सीएचसी का काम शुरू होगा।
12 करोड़ से होगा बिजली में सुधार
पिलखुवा।सालभर बिजली कटौती, कम वोल्टेज और झटकों से परेशान नगरवासियों को नववर्ष 2013 में बिजली झंझट से छुटकारा मिल जायेगा। 12 करोड़ रुपये की लागत से नगर का विद्युतीकरण होगा।अधिशासी अभियंता एके सिंह ने बताया कि केन्द्र सरकार की एपीडीआरपी योजना के तहत 12 करोड़ रुपये से हैंडलूमनगरी में छोटे बड़े 80 नये ट्रांसफार्मर लगेंगे। पूरे नगर की एचटी लाइनें बदलकर नई लाइनें खिंचेंगी। करीब 40 वर्ष पुरी हो चुकी एलटी लाइन के तार उतारकर एबीसी कंडक्टर(इंश्यूलेटेड वायर) डाले जायेंगे। जनवरी के तीसरे सप्ताह से काम शुरु हो जायेगा।
करीब चार माह में एपीडीआरपी योजना का कार्य पूरा हो जायेगा। योजना का कार्य पूरा होने पर बिजली फाल्ट, लो वोल्टेज आदि की समस्या न के बराबर रह जायेगी। वर्ष 2012 पावर कारपोरेशन के लिए हंगामे और प्रदर्शनों के ही नाम रहा है।
2013 में बहेगी विकास की गंगा
जिला अस्पताल का निर्माण
पोस्टमार्टम हाउस का निर्माण
करीब 150 करोड़ की लागत से एचपीडीए को आनंद विहार की आवासीय योजना में दो बड़े टावरों का निर्माण
एचपीडीए की औद्योगिक नगरी योजना
रेलवे की कोरिडोर परियोजना के लिए भू अर्जन
लोहिया गांवों में शुरू हो सकेगा विकास कार्य
जिला योजना में पास 65 करोड़ के प्रस्तावों पर विकास
सरकारी कार्यालयों के भवन निर्माण के साथ होगा गांवों का विकास : डीएम
जिलाधिकारी चक्रपाणि यादव का कहना है कि वर्ष 2013 में नवसृजित जनपद में अनेक सरकारी कार्यालयों के भवन निर्माण के साथ साथ समग्र गांवों में तेजी से विकास कराया जाएगा। जनपद में जिला योजना के तहत पास हुई धनराशि से विभिन्न विभाग विकास के कार्य कराएंगे। शासन से जल्द से जल्द धनराशि मंगवाकर सरकारी भवनों, जिला कारागार, स्टेडियम, जिला अस्पताल, पोस्टमार्टम हाउस समेत अनेक कार्य कराए जाएंगे। शहर के साथ-साथ देहात क्षेत्र में सड़कों और खड़ंजों का निर्माण भी कराया जाएगा। सरकार की विभिन्न योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा। शहरों में भी अनेक विकास कार्य कराए जाएंगे।