पिलखुवा। चोर गिरोह ने बृहस्पतिवार रात खेड़ा मार्केट की एक दुकान का शटर उखाड़ कर लाखों रुपये का माल साफ कर दिया। चोरी इलेक्ट्रिक शॉप में हुई, जिससे मोटर, सबमर्सिबल और स्क्रैप चोरी किया गया।
खेड़ा गांव निवासी जितेंद्र की खेड़ा मार्केट में इलेक्ट्रिक्स के नाम से दुकान है। रात में चोरों ने दुकान का शटर उखाड़ दिया और घुस गए। चोर दुकान से 20 मोटर 7.5 एचपी, 10 सबमर्सिबल पंप, कॉपर और एल्यूमिनियम का स्क्रैप उठा ले गये। शुक्रवार सुबह पड़ोस के किसी व्यक्ति ने शटर उखड़ा देखकर सूचना दी। पीड़ित जितेंद्र ने चोरी की तहरीर पुलिस दे दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिल गई है, जांच के बाद ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। व्यापारी नेता प्रवीण मित्तल और महेश अग्रवाल ने सीओ पिलखुवा से रात में गश्त कराने की मांग की है।