हापुड़ । कोतवाली क्षेत्र की पाटिया मंडी में शनिवार की सुबह एक किराना व्यापारी ने अपने नौकर पर सात लाख रुपये चोरी करने का आरोप लगाकर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए नौकर के परिजनों ने शाम को हंगामा किया और व्यापारी पर उनके पुत्र को फंसाने का आरोप लगाया। चैनापुरी निवासी नरेश की पटिया मंडी में रघुवीर सरन राजकुमार के नाम से किराना की दुकान है। शनिवार की सुबह नरेश जब दुकान पर पहुंचा तो गल्ले का ताला टूटा देखकर उन्हें चोरी की जानकारी हुई। इस पर उन्होेंने गढ़ चुंगी निवासी दुकान पर काम करने वाले नीरज पर शक जताते हुए उसे पुलिस के हवाले कर दिया। शाम करीब साढ़े छह बजे नीरज की मां अंगूरी देवी, भाई सोनू और मोनू मोहल्ले की काफी महिलाओं को एकत्र कर किराना व्यापारी की दुकान पर पहुंचीं। उन्होंने नीरज को झूठा फंसाने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का कहना था मालिक द्वारा लगाए गए आरोपी निराधार हैं। उनके पुत्र को जबरन फंसाने की कोशिश की जा रही है। वहीं व्यापारी का कहना है कि उसने तीन दिन की बिक्री के रुपयों को गल्ले में रखा था। जिसे चोरी कर लिया गया है। हंगामे की सूचना पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने मामले को संदिग्ध बताते हुए व्यापारी से सात लाख रुपये की बिक्री का ब्योरा मांगा है। विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जायेगी।