हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के मोहल्ला भगवानपुरी में शुक्रवार रात चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर नगदी, जेवर, घरेलू गैस सिलेंडर और मोबाइल चोरी कर लिए। चोरी का पता शनिवार सुबह पता चला। पीड़ित ने थाने में तहरीर दे दी है। जानकारी के मुताबिक मोहल्ला भगवानपुरी निवासी मुनेंद्र मूल रूप से गांव रसूलपुर का रहने वाला है। वह ब्रजनाथपुर शुगर मिल में काम करता है और पिछले काफी समय से अपनी पत्नी के साथ नगर में रह रहा है। भैया दूज पर मुनेंद्र की पत्नी अपने मायके ददायरा चली गई। शुक्रवार रात मुनेंद्र अपने काम पर चला और मेन गेट पर ताला लगा गया। रात में चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़ दिया और घर में घुसकर करीब 15 हजार रुपये की नगदी, सोने के आभूषण, एक सिलेंडर और मुनेंद्र के दोस्त राजेंद्र मिस्त्री के रखे मोबाइल फोन चोरी कर लिए। शनिवार की सुबह मुनेंद्र की नानी रिसयाल कौर वहां पहुंची और मकान खुला देख अंदर चली गई। इसके बाद चोरी का पता चला। पीड़ित मुनेंद्र ने थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द चोरों को गिरफ्तार कर वारदात का पर्दाफाश किया जाएगा।