हापुड़। वाणिज्य कर की कम वसूली पर बृहस्पतिवार को डीएम ने नाराजगी जताई और अफसरों को तेजी से वसूली करने के निर्देश दिए। कलक्ट्रेट सभागार में विभिन्न विभागों की मासिक स्टाफ बैठक में डीएम विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। जिलाधिकारी चक्रपाणि यादव ने मुख्य देय, विविध देय की समीक्षा करने बाद वाणिज्य कर और वन विभाग के वसूली कार्य पर नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग वसूली कार्य को तेजी से चलाएं और छोटे बकाएदारों के साथ साथ बड़े बकाएदारों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लापरवाह अफसर और कर्मचारियों के खिलाफ भी सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने सभी एसडीएम को भी निर्देश दिए कि वह वसूली अभियान की स्वयं भी समीक्षा कर लक्ष्य को हर हाल में पूरा कराऐं। बकाएदारों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जाए।
जिलाधिकारी ने विभिन्न अदालतों में मुकदमों के निस्तारण के संबंध में समीक्षा कर अधिकारियों को निर्देशित किया कि समय से मुकदमों का निस्तारण किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारी समय से अपने कार्यालय में बैठे ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।