पिलखुवा/धौलाना। धौलाना में बुखार से 12 घंटे के भीतर दो परिवारों के तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे दिल्ली के एक अस्पताल में जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रहे हैं। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
धौलाना से सटे बनोखर गांव निवासी राजकुमार की दो बेटियां दीपांशी (12) और खुशबू (6) को दो दिन पहले बुखार आया था। दोनों बच्चियों को चिकित्सक के पास ले जाया गया। बुधवार शाम डाक्टर ने हाथ खड़े कर दिए। इसके बाद परिजन बच्चियों को लेकर गाजियाबाद के लिए निकल पड़े, लेकिन रास्ते में ही खुशबू ने दम तोड़ दिया, जबकि बृहस्पतिवार सुबह दीपांशी की बुखार से मौत हो गई। इसके साथ ही मोहल्ले की रवींद्र की चार वर्षीय बेटी चांदनी ने भी तीन दिन के बुखार के बाद बृहस्पतिवार को दम तोड़ दिया। वहीं, रवींद्र के दो बच्चे शिवम और शिवानी को बृहस्पतिवार को जीटीबी दिल्ली में भर्ती कराया गया। एक दिन में तीन बच्चों की मौत से गांव में दहशत फैल गई है। तीन मासूमों की मौत से दोनों परिवारों में कोहराम मच है। धौलाना सीएचसी प्रभारी डा. राकेश कुमार का कहना है कि बच्चों की मौत की जानकारी उन्हें मिली है, लेकिन मौत किस बुखार से हुई है, इसकी जानकारी रिपोर्ट देखने के बाद ही मिलेगा। गांव में जांच के लिए टीम भेज देंगे।