घोटाले की जांच करने विद्यालय पहुंची प्रशासन की टीम
गढ़मुक्तेश्वर। प्राथमिक विद्यालय में भवन निर्माण, छात्रवृत्ति, बैग और ड्रेस वितरण में धांधली के प्रकरण में बृहस्पतिवार को तहसील प्रशासन की टीम ने जांच की। टीम ने स्कूल और सेफ के ताले तुड़वाकर संबंधित दस्तावेज कब्जे में ले लिए। अधिकारियों के अनुसार प्रकरण में करीब 5 लाख के घपले की आशंका है।
गढ़ पालिका क्षेत्र के नयाबांस बख्तावरपुर के ग्रामीणों द्वारा गांव के प्राथमिक विद्यालय में तीन साल से छात्रवृत्ति, बैग और ड्रेस न बांटे जाने की शिकायत की थी। इसके अलावा ग्रामीणों ने कमरों का निर्माण न कराने का भी आरोप लगाया था। प्रकरण को लेकर एसडीएम पुष्पराज सिंह द्वारा बीईओ और नायब तहसीलदार स्तर से जांच कराई जा रही थी। एसडीएम ने संबंधित हेड मास्टर को दफ्तर में आकर दस्तावेज जमा कर स्पष्टीकरण देने के निर्देश भी दिए थे। लेकिन एक माह बाद भी हेड मास्टर ने न तो स्पष्टीकरण ही दिया और न दस्तावेज जमा कराए गए। इसके चलते बृहस्पतिवार कोे एसडीएम ने नायब तहसीलदार अशोक त्यागी के नेतृत्व में बीईओ डॉ. वंदना सैनी और लेखपाल दयानंद शर्मा की टीम गठित की। टीम को स्कूल में जांच के लिए भेजा। नायब तहसीलदार ने बताया कि स्कूल में तैनात शिक्षा मित्र मैसर जहां की मौजूदगी में बंद मिले कार्यालय के ताले तुड़वाकर दस्तावेज खंगाले गए। इसके अलावा सेफ की चाभी बनवाकर वहां रखे रजिस्टरों को भी सुपुर्दगी में ले लिया गया। बीईओ ने बताया कि छात्रवृत्ति, ड्रेस और बैग वितरण से संबंधित रजिस्टर कार्यालय में नहीं मिले। वहीं भवन निर्माण संबंधित दस्तावेज भी नदारद हैं। टीम की संयुक्त जांच रिपोर्ट तैयार कर शुक्रवार को एसडीएम को भेज दी जाएगी।