त्योहार पर भी देर से पहुंचीं एक दर्जन ट्रेन
हापुड़। ट्रेनों की चाल त्योहारों पर भी नहीं सुधर रही है। शुक्रवार को भैयादूज के अवसर पर भी ट्रेनों के लेट आने के सिलसिला जारी रहा। इसके कारण महिला यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार को रक्सौल बिहार से आनंद विहार जाने वाली सद्भावना एक्सप्रेस आठ घंटे देर से हापुड़ पहुंची। जबकि फैजाबाद से पुरानी दिल्ली जाने वाली फैजाबाद एक्सप्रेस ढाई घंटे, प्रतापगढ़ से पुरानी दिल्ली की ओर जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस एक घंटा 23 मिनट, इलाहाबाद से सहारनपुर जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस ढाई घंटे, सुल्तानपुर से आनंद विहार जाने वाली सत्याग्रह एक्सप्रेस 50 मिनट, मुरादाबाद से आनंद विहार जाने वाली मेमू दो घंटे, बनारस से नई दिल्ली जाने वाली काशी विश्वनाथ सवा घंटा, जयनगर से अमृतसर जाने वाली सत्याग्रह एक्सप्रेस सात घंटे, बरेली से नई दिल्ली जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस एक घंटा, अवध-असम एक्सप्रेस सवा तीन घंटे की देरी से हापुड़ पहुंची। इसके अलावा इलाहाबाद से मेरठ सिटी की ओर जाने वाली संगम एक्सप्रेस चार घंटे 35 मिनट की देरी से पहुंची।
ट्रेनों के लेट होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। भैया दूज के कारण स्टेशन पर महिलाओं की खासी भीड़ थी। ऐसे में महिलाओं को खासी दिक्कत हुई। स्टेशन अधीक्षक मुनीराम मीना के अनुसार कि ठंड आने के कारण कोहरा पड़ना शुरू हो गया है। जिसके कारण ट्रेनों की रफ्तार में कुछ कमी आई है।