बाइक सवार तीन बदमाशों ने 35 हजार लूटे
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मीनाक्षी रोड स्थित एक मेडिकल स्टोर से बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर 35 हजार रुपये लूट लिये। जान से मारने की धमकी देते हुए बदमाश फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार कोटला सादात निवासी मनोज कुमार का मीनाक्षी रोड पर तथागत मेडिकल स्टोर है। कुछ ही दूर पर विधायक विजय पाल आढ़ती का आवास है। मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे सफेद रंग की अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाश यहां पहुंचे। बदमाशों ने तमंचे के बल पर मनोज कुमार से गल्ले में रखे 35 हजार रुपये लूट लिये। उनका मोबाइल फोन स्विच आफ करा दिया। इसके बाद बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए गढ़ रोड की ओर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। एएसपी राममोहन सिंह ने बताया कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।