सड़क दुर्घटना में पिकअप चालक की मौत
-बाबूगढ़ में अनियंत्रित होकर पलटी कार, तीन घायल
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के ततारपुर बाईपास पिकअप का टायर बदल रहे चालक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वहीं दूसरी ओर बाबूगढ़ में कुचेसर चौपला पर अनियंत्रित होकर एक कार पलट गई। जिसमें सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार औरंगाबाद के गांव मूड़ी बकापुर निवासी 25 वर्षीय संजीव उर्फ सागर कार में सवार होकर दिल्ली से मुरादाबाद के लिए जा रहा था। जैसे ही वह हापुड़ में ततारपुर बाईपास के समीप पहुंचा तो टायर में पंक्चर हो गया। जिस पर वह स्टपनी बदलने लगा। तभी तेज गति से आ रहे एक मिनी ट्रक ने उसे रौंद दिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं दूसरी ओर राजू सिंह निवासी दादरी नोएडा अपने दो साथी फिरोज व शुऐब के साथ कार में सवार होकर रुद्रपुर से अपने घर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वह कुचेसर चौपला पर पहुंचे तो एक विक्षिप्त व्यक्ति को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। कार सवार तीनों लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीओ पवन कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।