हापुड़। जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। इनमें मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर साफ दिखाई दिया। जगह-जगह लगे मेले में करीब 900 मरीज पहुंचे। इनमें मौसम बदलने से बुखार, खांसी, सर्दी-जुकाम से सबसे अधिक पीड़ित पहुंचे।
जन आरोग्य मेले में मौजूद एक चिकित्सक डॉ. अशरफ ने बताया कि तापमान के उतार-चढ़ाव का असर लोगों पर दिख रहा है। बदलते मौसम में लापरवाही के कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं। दिन में गर्मी और रात्रि में ठंड लोगों को बीमार कर रही है। ऐसे में लोगों को गर्म कपड़े पहनने की जरूरत है। जिससे कि लोग ठंडी हवा लगने से बीमार न पड़ें।
रविवार को जन आरोग्य मेले में बुखार के 130, खांसी और बलगम आने की समस्या के करीब 144, कान और गले में परेशानी के करीब 113 मरीज पहुंचे। इसके अलावा गर्भवती महिलाएं भी जांच के लिए पहुंचीं। मेले में रेपिड किट के जरिए भी मरीजों की जांच की गई।
वहीं, मोहल्ला मजीदपुरा में लगे जन आरोग्य मेले में बुखार से पीड़ित बच्चों को लेकर पहुंचे दानिश कुरैशी, असलम ने बताया कि वह बच्चों को नियमित दवाएं दे रहे हैं, लेकिन फिर भी खांसी और जुकाम की समस्या बनी हुई है।
सीएमओ डॉ. सुनील त्यागी का कहना है कि जन आरोग्य मेले में बुखार, खांसी-जुकाम व गले में खराश के मरीज अधिक आए थे। मरीजों को दवा दे दी गई है।