हापुड़ में मोदीनगर रोड पर छापे के दौरान नमूने लेते अधिकारी। स्रोत: विभाग
हापुड़। खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार की रात मोदीनगर रोड के गांव अब्दुल्लापुर बसंत उर्फ फरीदपुर गोयना स्थित एक फैक्टरी पर छापा मारा। टीम ने फैक्टरी से करीब 5.34 लाख रुपये की कीमत का 890 किलोग्राम घी सीज किया। साथ ही घी, रिफाइंड पाम ऑयल और क्रीम के चार नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।
सहायक आयुक्त द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान परिसर में करीब 892 किलोग्राम घी, एक टिन रिफाइंड, पाम ऑयल और 30 किलोग्राम क्रीम मिली। मौके पर घी बनाने के उपकरण भी मौजूद थे। अधिकारियों के अनुसार, केमिकल एसेंस, रिफाइंड और पाम ऑयल मिलाकर घी बनाया जा रहा था। घी में मिलावट की आशंका और रिफाइंड, पाम ऑयल की मौजूदगी को देखते हुए टीम ने घी के दो, रिफाइंड पाम ऑयल का एक और क्रीम का एक नमूना लिया है।
कार्रवाई के दौरान 890 किलोग्राम घी और शेष 14 लीटर रिफाइंड पाम ऑयल को जब्त कर सीज कर दिया गया। निरीक्षण में घी बनाने के उपकरणों, भंडारण के बर्तनों और प्रोसेसिंग क्षेत्र में गंदगी मिली। इसके अलावा घी को प्लास्टिक के नॉन फूड ग्रेड ड्रमों में रखा गया था। सहायक आयुक्त ने बताया कि प्रतिष्ठान में अस्वच्छ परिस्थितियों में सुधार के लिए संचालक को सुधार नोटिस जारी किया गया है। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, संचालक दूध और घी का कोई रिकॉर्ड भी नहीं दे सका। जिसके बाद टीम ने कार्रवाई की।