चुनाव को लेकर डीएम ने जारी की एडवाइजरी
हापुड़। जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी अदिति सिंह ने मतदान को लेकर जिले के लोगों को एडवाइजरी जारी की है। लोगों ने बिना किसी अति आवश्यक कार्य के दूसरे क्षेत्र में न जाने की अपील की है।
हापुड़ में लोक सभा सामान्य निर्वाचन 2019 का मतदान दो चरणों में होगा, जिसमें 11 अप्रैल को विधानसभा क्षेत्र हापुड़ तथा धौलाना में मतदान संपन्न होगा, जबकि 18 अप्रैल को गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा क्षेत्र में मतदान संपन्न किया जाएगा। मतदान संपन्न कराने के उद्देश्य से सभी मतदान केंद्रों पर और आने जाने वाले मार्गों पर मतदान शांतिपूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस फोर्स, पीएसी एवं पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की गयी है। डीएम ने इस संबंध में समस्त जिलेवासियों और मतदाताओं को सलाह दी है कि 11 अप्रैल को गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा क्षेत्र के लोग हापुड़ या धौलाना विधानसभा क्षेत्र में बिना किसी आवश्यक कार्य के प्रवेश न करें। इसी तरह 18 अप्रैल को विधानसभा क्षेत्र हापुड़ और धौलाना के लोग गढ़मुक्तेश्वर में जाने से परहेज करें। लोगों को किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो इसके लिए यह सलाह दी जा रही है। उन्होंने लोगों से मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की भी अपील की।