छात्रों को नहीं मिला मिड डे मील, शिक्षक निलंबित
हापुड़। प्राथमिक विद्यालय बहादुरगढ़ में तैनात प्रधानाध्यापक को मिड डे मील और विभागीय योजनाओं में वित्तीय गबन कर, अनुचित लाभ लेने के मामले में बीएसए ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बीईओ की जांच में आरोप सिद्ध हुए हैं, इस कार्रवाई से शिक्षकों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार बहादुरगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर विद्यालय में एमडीएम न बांटे जाने के संबंध में शिकायत की थी। बीएसए ने इस मामले की जांच बीईओ पंकज अग्रवाल को सौंपी थी। जांच में पाया गया कि प्रधानाध्यापक नसरूल्ला खां द्वारा 10 नवंबर से विद्यालय में मिड डे मील नहीं बांटा गया है, साथ ही पांच नवंबर को फल वितरण भी नहीं किया गया। इसके अलावा विद्यालय में रसोईयां भी अनियमित तरीके से रखी गई थी। चयन के अभिलेख भी प्रधानाध्यापक प्रस्तुत नहीं कर सका। साथ ही अभिलेखों से छेड़छाड़ की भी पुष्टि हुई है। कुल मिलाकर बीईओ की जांच में शिक्षक के ऊपर लगे सभी आरोप सत्य पाए गए हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवेंद्र गुप्ता ने बताया कि विभागीय योजनाओं में वित्तीय गबन के मामले में प्रधानाध्यापक नसरूल्लाखां को तत्काल प्रभावित से निलंबित कर दिया गया है। भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।