टीबी रोग पर शिकंजा कसने में हापुड़ प्रदेश में टॉप
हापुड़। टीबी रोग पर शिकंजा कसने के लिए जिलेभर के शत प्रतिशत मरीजों का ब्योरा निष्क्षय पोर्टल पर अपलोड कर हापुड़ के स्वास्थ्य विभाग ने मैदान मार लिया है। प्रमुख सचिव ने लखनऊ में आयोजित अधिवेशन में हापुड़ को शीर्ष स्थान पर रखा है। इसके लिए सीएमओ व जिला क्षय रोग अधिकारी को बधाई दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना वर्ष 2025 तक देश को पोलियो की तर्ज पर टीबी मुक्त करना है। इसके लिए शासन ने सभी टीबी रोगियों का ब्योरा निष्क्षय पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए थे। साथ ही मरीजों को खोजने के लिए डीएम की अध्यक्षता में टास्क फोर्स कमेटी के गठन के आदेश थे।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एके सिंह और जिला क्षय रोग अधिकारी डा. राकेश अनुरागी के नेतृत्व में जिलेभर के मरीजों का ब्योरा पोर्टल पर अपलोड किया जा चुका है। साथ ही टास्क फोर्स कमेटी का भी गठन हो गया है। प्रदेश के किसी अन्य जिले में अभी तक यह प्रक्रिया परवान नहीं चढ़ सकी है।
सोमवार को प्रमुख सचिव की अध्यक्षता में लखनऊ में स्वास्थ्य अफसरों का एक अधिवेशन आयोजित हुआ था। इसमें टीबी से जंग लड़ने में प्रधानमंत्री के सपने को साकार करने के लिए उत्कृष्ट कार्य करने पर हापुड़ को प्रथम स्थान मिला। जल्द ही सीएमओ डा. एके सिंह और डिप्टी सीएमओ डा. राकेश अनुरागी को लखनऊ में सम्मानित भी किया जाएगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एके सिंह का कहना है कि टीबी रोग पर शिकंजा कसने को कड़े प्रयास किए जा रहे हैं। निजी अस्पताल, मेडिकल स्टोरों से भी मरीजों का ब्योरा लिया जा रहा है।