हापुड़। प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना में शामिल 80 हजार लोगों का डाटा अब स्वास्थ्य विभाग को मिल गया है। इन लोगों का सही पता उपलब्ध न होने के कारण इनके गोल्डन कार्ड नहीं बनाए जा रहे थे। अब एक महीने के अंदर इन्हें कार्ड मुहैया कराकर, पांच लाख तक निशुल्क स्वास्थ्य उपचार सेवा से जोड़ा जाएगा।
आयुष्मान योजना में जिले के 2.58 लाख लोगों को शामिल किया गया था। इसके बाद 52 हजार श्रमिक और अंत्योदय कार्ड धारकों, मान्यता प्राप्त पत्रकारों को भी शामिल किया गया। 2.58 लाख लोगों में 80 हजार ऐसे थे, जिनका सही पता विभाग के पास उपलब्ध नहीं था। ऐसे में इनके कार्ड नहीं बन सके। शासन में पत्राचार किए जाने के बाद अब 80 हजार लोगों का डाटा स्वास्थ्य विभाग को मिल गया है, जिसमें नाम, पता सब शामिल है। अधिकारियों को स्पष्ट आदेश मिले हैं कि एक महीने के अंदर इन 80 हजार लोगों के गोल्डन कार्ड बना दिए जाएं। इन लोगों के परिवार का कोई सदस्य गोल्डन कार्ड से वंचित न रहे। अभियान को सफल बनाने के लिए आशा, सीएचओ, ग्राम पंचायत अधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है। लोग इनसे संपर्क कर अपना कार्ड बनवा सकते हैं, जन सेवा केंद्र से भी गोल्डन कार्ड बनवाया जा सकता है।
-श्रमिकों के कार्ड बनने शुरू
जिले में 52 हजार श्रमिकों के कार्ड बनाने जाने भी शुरू कर दिए गए थे। इन श्रमिकों का डाटा भी करीब एक साल से नहीं मिल पा रहा था, जो अब मिल गया है। करीब 32 हजार श्रमिकों के कार्ड बनाए भी जा सके हैं।
पांच लाख तक का मिलेगा निशुल्क उपचार
योजना में शामिल पात्रों को पांच लाख रुपये तक निशुल्क उपचार की सुविधा दी जा रही है। यह सुविधा पैनल में शामिल अस्पतालों में कैशलेस है, जिसका मरीजों को कोई पैसा नहीं देना होता।
ये अस्पताल हैं पैनल में शामिल-
प्रयाग हॉस्पिटल, सनराइज हॉस्पिटल, सरस्वती, दीप, जीएस मेडिकल, मधु हॉस्पिटल, कृपालु हॉस्पिटल, रामा हॉस्पिटल, ज्ञान संजीवनी हॉस्पिटल, आयुष्मान हॉस्पिटल, श्री सिद्धी विनायक, देव नंदिनी, न्यू लाइफ, अंबे हॉस्पिटल समेत चार सरकारी अस्पताल शामिल हैं।
कोट -
योजना में शामिल पात्र अपने कार्ड जल्द बनवा लें, ताकि उन्हें निशुल्क उपचार सेवा का लाभ मिल सके। 80 हजार पात्रों का डाटा शासन से मिला है, एक महीने के अंदर इन पात्रों के कार्ड बनवा दिए जाएंगे।डॉ.सुनील त्यागी, सीएमओ।