बैंकों में 10 और 20 के नए नोट की गड्डियों पर ब्लैक
हापुड़। शादी का सीजन शुरू होते ही जिलेभर के बैंकों में 10 और 20 के नए नोट की गड्डियों का अकाल पड़ गया है। नगर के दो बैंकों में करेंसी चेस्ट होने के बावजूद भी ग्राहकों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। हालांकि ब्लैक में गड्डी बेचने वालों पर नए नोटों की भरमार है, जो ग्राहकों से मन चाहे पैसे वसूल रहे हैं।
इन दिनों शादियों का सीजन चल रहा है। लोग नए नोटों की गड्डी की चाह में बैंकों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन बैंक में तैनात कर्मचारी ऊपर से ही नई गड्डियां न मिलने का रोना रोकर ग्राहकों को चलता कर देते हैं। आश्चर्य की बात यह है कि नगर के दो बैंकों में करेंसी चेस्ट है, फिर भी ग्राहकों को सुविधा नहीं मिल पा रही है।
हालांकि बैंकों में 10 और 20 के नोटों की गड्डी बेशक नहीं मिल रही है, लेकिन बाजार में ब्लैक में इन दोनों ही नोटों की गड्डियां धड़ल्ले से ब्लैक में बेची जा रही हैं। जहां, ग्राहकों से एक गड्डी पर 300 रुपये तक अतिरिक्त चार्ज लिया जा रहा है।
एलडीएम राकेश श्रीवास्तव का कहना है कि उन्हें भी कई बार नए नोटों की गड्डियां न मिलने की शिकायत मिल चुकी है। लेकिन वास्तविकता यह है कि बैंकों में ऊपर से ही नए नोटों की गड्डियां नहीं पहुंच रही हैं। बाजार में नए नोटों की गड्डियां कैसे पहुंच रही हैं, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।