उत्पीड़न से गुस्साए तीर्थ पुरोहितों ने किया हंगामा
गढ़मुक्तेश्वर। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस के कर्मचारी की ओर से किए जा रहे उत्पीड़न से तंग तीर्थ पुरोहितों ने अवैध धन मांगने का आरोप लगा प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग उठाई।
ब्रजघाट गंगानगरी में धार्मिक अनुष्ठान कराने वाले तीर्थ पुरोहितों ने बुधवार को फव्वारा चौक पर अपने उत्पीड़न के विरोध में प्रदर्शन किया। पुरोहित सेवा समिति अध्यक्ष पंडित राजकुमार लालू ने आरोप लगाया कि पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में कार्यरत एक कर्मचारी मनमानी कर रहा है, जो अस्थि विसर्जन समेत धार्मिक अनुष्ठान कराने वाले पुरोहितों से उन्हें मिलने वाली दक्षिणा में कमीशन मांगता है। उसका विरोध करने वालों से अभद्रता करते हुए गेस्ट हाउस के पास से खदेड़ देता है। मनोज, दीपक, बिल्लू शर्मा, कैलाश शास्त्री, राकेश, पवन, योगेंद्र पंडित, रब्बो, बिजेंद्र, राजकुमार, जगमोहन, पप्पू का कहना है कि शिकायतों के कारण उक्त कर्मचारी का तबादला कर दिया गया था, लेकिन आला अफसरों से साठगांठ कर उक्त कर्मचारी फिर से ब्रजघाट गेस्ट हाउस में तैनात हो गया है जो रौब गांठकर पुरोहितों समेत नाव चलाने वालों से भी अवैध धन वसूल रहा है। तीर्थ पुरोहितों ने चेतावनी दी कि अगर एक सप्ताह के भीतर आरोपी कर्मचारी को गेस्ट हाउस से नहीं हटाया गया तो विरोध में तहसील मुख्यालय का घेराव कर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।