गढ़ कार्तिक मेले में 24 घंटे मुस्तैद रहेेंगे चिकित्सक
हापुड़। गढ़ कार्तिक मेले को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने तैयारियां पूरी कर ली है। श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं देने के लिए चार एंबुलेंस, 18 चिकित्साधिकारी की टीम 24 घंटे अलर्ट रहेगी। सर्प दंश से पीड़ित रोगियों की सुरक्षा के लिए भी एंटी स्नेक वेनम की व्यवस्था की जाएगी।
गढ़मुक्तेश्वर में गंगा किनारे लगने वाले कार्तिक मेले में लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं। यहां लगने वाली कृषि प्रदर्शनी, घोड़ा खच्चर मेला आकर्षण का केंद्र रहते हैं। कई बार श्रद्धालुओं की तबियत खराब होने पर उन्हें जीवन रक्षक दवाएं देना बेहद आवश्यक होता है।
मेले के दौरान कोई अप्रिय घटना न घटे, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मेले में चार 102, 108 नंबर एंबुलेंस, एक एडवांस लाइफ सपोर्ट सिस्टम एंबुलेंस सेवा भी उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा 18 चिकित्साधिकारियों की टीम भी मरीजों के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए तैनात रहेगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा.राजवीर सिंह का कहना है कि मेले के दौरान चिकित्सा सुविधा पूरी तरह दुरुस्त रहेगी। चिकित्सकों को अलर्ट कर दिया गया है।