दुकानदारों ने सिक्के लेने से किया इंकार
गढ़मुक्तेश्वर। सरकार की सख्त हिदायत के बाद भी दुकानदार एक रुपये का सिक्का लेने से साफ इंकार कर रहे हैं, जिससे परेशान ग्राहकों ने तहसील प्रशासन से गुहार लगाई।
आलम आरा शिक्षा सेवा समिति के अध्यक्ष राजेश अधाना, सचिव अब्दुल माजिद, सह-सचिव प्रशांत शर्मा ने एसडीएम से शिकायत करते हुए बताया कि एक रुपये का नया सिक्का आकार में पुराने सिक्के से काफी छोटा है, जिसे लेने से अधिकांश दुकानदार साफ इंकार रहे हैं। जिससे ग्राहकों को खासी दिक्कत झेलनी पड़ रही हैं। गढ़, ब्रजघाट, सिंभावली, बक्सर, डेहरा कुटी, नानपुर, बहादुरगढ़ में हर दिन ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। निजाम चौधरी, पालिका सदस्य राकेश चौहान, योगेश शर्मा का कहना है कि दुकानदार मनमानी चलाकर देश की मुद्रा का खुला अपमान कर रहे हैं, जिससे ग्राहकों को बिना वजह की दिक्कत झेलनी पड़ रही हैं। इसलिए तहसील प्रशासन एक रुपये का नया सिक्का न लेने वाले दुकानदारों को चिन्हित कराकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराए। क्योंकि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया काफी पहले स्पष्ट कर चुका है कि सिक्का लेने से इंकार करना सीधे तौर पर देश की मुद्रा का अपमान करना है।
एसडीएम ज्योति राय का कहना है कि एक रुपये का नया सिक्का भी भारतीय मुद्रा है, दुकानदार अपना रवैया सुधार लें, अन्यथा उनके खिलाफ संबंधित धारा के तहत कार्रवाई कराई जाएगी।