लाखों की ठगी करने वाले नेता पर कार्रवाई नहीं
गढ़मुक्तेश्वर। गलत तरीके से मकान बेचकर वसूली गई रकम वापस करने के लिए दिए गए चेक बाउंस होने के बाद भी सपा नेता के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। पीड़ित ने डीएम से शिकायत कर न्याय दिलाने की मांग की है।
गढ़ की रिफ्यूजी कालोनी निवासी देवेंद्र कुमार ने संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम को अपना दुखड़ा सुनाया। उसका कहना है कि सपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष संजीव यादव ने जैन वाली गली में अपना मकान बेचने का झांसा देकर उससे 3.40 लाख की रकम ऐंठ ली थी। कुछ दिन बाद ही हकीकत का खुलासा होने पर उसने पुलिस की मौजूदगी में 2.30 लाख के चेक देकर शेष रकम जल्द वापस देने का वादा किया था। आरोप है कि बैंक खाते में पैसा न होने के कारण सपा नेता की ओर से दिए गए चेक बाउंस हो गए थे। उसके बाद से पीड़ित लगातार संपूर्ण समाधान दिवस समेत पुलिस-प्रशासनिक अफसरों के चक्कर काट रहा है। इसके बावजूद आरोपी सपा नेता के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। पीड़ित ने डीएम से कहा कि धोखाधड़ी करने वाले सपा नेता के खिलाफ कोई कार्रवाई न होने से संपूर्ण समाधान दिवस पर अंगुली उठ रही हैं। डीएम कृष्णा करुनेश ने पुलिस को शिकायत के आधार पर जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। सपा नेता संजीव यादव का कहना है कि उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं।