भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में लिया एकजुटता का संकल्प
गढ़मुक्तेश्वर। भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में एकजुटता का संकल्प दिलाने के साथ ही सांसद ने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाकर उनके प्रचार-प्रसार में जुटने का निर्देश दिया।
सिंभावली क्षेत्र के गांव सिखैड़ा में भाजपा सांसद चौधरी कंवर सिंह तंवर के कैंप कार्यालय में शनिवार को कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ। इसमें करीब डेढ़ सौ गांव के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शिरकत कर पूरी तरह एकजुट रहने का संकल्प लेकर अपने गांवों से जुड़ीं समस्या भी गिनाईं। सांसद कंवर सिंह तंवर ने केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार द्वारा चलाई जा रहीं जनहित कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी देकर कार्यकर्ताओं को अभी से उनके प्रचार में जुटने का जिम्मा भी सौंपा। जिलाध्यक्ष अशोक पाल ने कहा कि पौराणिक खादर मेले को राजकीय मान्यता मिलना और हाईवे किनारे ट्रॉमा सेंटर की आधारशिला रखे जाने समेत जनहित से जुड़े दर्जनों काम हो चुके हैं। महिला मोर्चा जिला प्रभारी मीना सिंह, ब्लॉक प्रमुख रविंद्र यादव, विधानसभा क्षेत्र प्रभारी सुमन प्रकाश त्यागी, विजय शर्मा, अंकुर सिरोही, बीपी शर्मा, मनीष, इंद्रपाल, सुभाष प्रधान, राजपाल सिंह, जगत सिंह, अंकुर त्यागी, कमल त्यागी, अरुण त्यागी, गोपाल ठाकुर, दिनेश गर्ग समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
- सांसद ने गांव भरना में समस्या सुन जल्द निराकरण का दिया भरोसा
कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत करने से पहले सांसद कंवर सिंह तंवर ने क्षेत्र के गांव भरना के सरस्वती कन्या इंटर कॉलेज परिसर में चौपाल लगाई। इसमें दर्जनों गांवों से आए लोगों की शिकायत सुनकर उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। नरेंद्र सिंह, लक्ष्मी नारायण शर्मा, दिनेश, राजू शर्मा समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
- गाढ़ी कमाई से उगाईं फसलों को बर्बाद करने से नाराज किसानों का हंगामा
गढ़ खादर क्षेत्र के गांव अब्दुल्लापुर से पहुंचे दर्जनों किसानों ने हंगामा करते हुए सांसद को अपना दुखड़ा सुनाया। चरन, नौबत, कन्हैया, डालचंद, सुरेंद्र, दुर्वेश, राजेंद्र का कहना है कि उन्होंने अधिकारियों के कहने पर मेरठ की मवाना तहसील से जुड़े गंगा किनारे वाले गांव नदल्लीपुर के जंगल में कबाड़ की सफाई कर उसमें फसल उगाई थीं। मगर, अब वही अधिकारी भूमि को मुक्त कराने की बात कहकर उसमें उगाई हुईं फसलों को ट्रैक्टरों से जुतवाकर बर्बाद करा रहे हैं। किसानों ने कहा कि फसल काटने के बाद ही जमीन को मुक्त कराने की कार्रवाई की जाए। इस पर सांसद कंवर सिंह तंवर ने हापुड़ और मेरठ के डीएम से मोबाइल पर वार्ता कर उन्हें पूरे प्रकरण से अवगत कराकर किसानों को फौरी तौर पर राहत दिलाने की मांग रखी। बाद में सांसद ने भरोसा दिया कि दोनों ही जनपदों के डीएम ने खड़ी फसलों को नहीं उजड़वाने का वादा किया है।