अब रजिस्टर में खुद हाजिरी लगा सकेंगे परिषदीय स्कूलों के बच्चे
हापुड़। अब जिले के परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे खुद रजिस्टर में अपनी हाजिरी दर्ज करेंगे। प्रमुख सचिव बेसिक के आदेश के बाद बीएसए ने खंड और नगर शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित कर दिया है। नई व्यवस्था से बच्चों की हाजिरी दर्ज करने में खेल नहीं हो सकेगा।
अब से पूर्व परिषदीय सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की शिक्षक हाजिरी लगाते थे। कई बार तो छात्रों की उपस्थिति कम होने पर शिक्षक खुद ही बच्चों की हाजिरी लगा देते थे, लेकिन अब हाजिरी में खेल नहीं हो पाएगा। प्रमुख सचिव बेसिक ने बीएसए को आदेश दिए हैं कि सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों से बच्चों की हाजिरी का रजिस्टर बनाया जाए, जिसमें बच्चे स्वयं रजिस्टर में हस्ताक्षर कर हाजिरी दर्ज करेंगे।
बीएसए देवेंद्र गुप्ता ने बताया कि प्रमुख सचिव बेसिक के आदेश प्राप्त होते ही नगर और खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित कर दिया है कि वह शासन की मंशा के अनुसार स्कूलों में इस नई व्यवस्था का पालन कराएं ताकि बच्चों को स्कूलों में बेहतर शिक्षा मिलने के साथ-साथ लिखावट भी सुधर सके। नया नियम छात्रहित को ध्यान में रखकर बनाया गया है।